धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर लगी आग, ऊपर उठने लगीं तेज लपटें; कुछ देर के लिए मची अफरा-तफरी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर लगे रेलवे शोपीस के पास अचानक आग लग गयी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना के समय स्टेशन के बाहर भारी भीड़ मौजूद थी। जानकारी के अनुसार, धनबाद रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने पार्किंग क्षेत्र में कोयले की आकृति में एक स्टेचू बनाया गया था, जिसे चारों ओर ग्रिल से घेराबंदी की गयी थी।
अचानक इस स्टेचू में आग लग गयी और देखते ही देखते लपटें ऊपर उठने लगीं। आग बुझाने के लिए रेलवे कर्मचारी और रेल पुलिस के जवान दौड़े। पार्किंग एरिया में मौजूद लोग भी मदद को आगे आये, लेकिन वहां पानी का पर्याप्त इंतजाम नहीं था।
स्टेशन के गेट के पास ही आग पर काबू पाने के लिए बाल्टी में बालू रखा गया था, जिसे फेंककर आग की तीव्रता को कम किया गया। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पाया गया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि कोयले की इस आकृति में थर्मोकोल और अन्य ज्वलनशील सामग्री का उपयोग किया गया था, जो आग के संपर्क में आते ही धधक उठी। प्राथमिक आशंका जतायी जा रही है कि कोई सिगरेट या अन्य ज्वलनशील वस्तु स्टेचू क्षेत्र में फेंकी गयी हो, जिससे आग लगी।