- लोहरदगा में रफ्तार का कहर, बोलेरो की टक्कर से दो लोगों की मौत
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ पर रविवार को एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने दो लोगों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई है। घटना के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई थी। घटना में चारपहिया वाहन चालक भी घायल हुआ है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
घटना उस वक्त हुई जब दुकानदार दुकान खोल रहे थे। किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला। देखते ही देखते कोहराम मच गया। लोहरदगा-रांची मुख्य पथ में कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की रांची में इलाज के क्रम में मौत हो गई। वहीं घटना में बोलेरो का चालक भी घायल हुआ है। घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के कुडू मस्जिद चौक निवासी सुरेश साहू के 39 वर्षीय पुत्र जेनरल स्टोर के मालिक सत्येंद्र साहू और रांची के श्री मां ट्रांसपोर्ट के चालक बिहार के गया जिला के केवला निवासी 45 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के हाता टोली निवासी संतोष सिंह के पुत्र बोलेरो चालक 25 वर्षीय पिंटू सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सत्येंद्र साहू कुडू मस्जिद चौक के रहने वाला है। वह कुडू ब्लॉक मोड़ स्थित अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचा था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को दुकान के बाहर खड़ी कर दुकान की ओर बढ़ा ही था कि तेज रफ्तार बोलेरो ने सत्येंद्र को टक्कर मार दी। जिससे सत्येंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कुछ दूरी पर बैठे हुए ट्रांसपोर्ट वाहन के चालक राजेश यादव को भी टक्कर मार दी। जिससे राजेश यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
इस घटना में राजेश और पिंटू सिंह को भी चोट आई है। जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया था। रांची रिम्स ले जाने के बाद राजेश यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि पिंटू सिंह का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है।