टीम एबीएन, रांची। प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त किए जाने पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता एवं झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति न केवल श्री चतुर्वेदी की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समूचे पत्रकारिता जगत के लिए गर्व का विषय है।
संजय सर्राफ ने बधाई देते हुए कहा कि श्री चतुर्वेदी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने दीर्घ, निष्पक्ष एवं निर्भीक अनुभव के माध्यम से सदैव जनहित को सर्वोपरि रखा है। सत्य, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही आज उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व तक लेकर आई है।
उन्होंने कहा कि श्री चतुर्वेदी ने सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और आम नागरिकों की आवाज़ को मजबूती से उठाया, जिससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता और गरिमा को नई ऊँचाइयाँ मिलीं। श्री सर्राफ ने कहा कि केंद्रीय सूचना आयुक्त जैसे संवैधानिक पद पर एक अनुभवी और संवेदनशील पत्रकार का चयन होना, सूचना के अधिकार को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाएगा।
श्री चतुर्वेदी का प्रशासनिक समझ, मीडिया अनुभव और जनहित के प्रति समर्पण निश्चित रूप से आम जनता को सूचना प्राप्ति के अधिकार को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री आशुतोष चतुर्वेदी अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप करेंगे तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को और अधिक मजबूत करेंगे।