एबीएन डेस्क। पलामू के सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा कला गांव में पिता के रिटायरमेंट के पैसे के विवाद को लेकर छोटे भाई ने चाकुओं से गोदकर बड़े भाई की हत्या कर डाली। आरोपी ने इतने नृशंस तरीके से वारदात की थी कि मृतक का हाथ पेट से बाहर निकल गया। सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार यमुना यादव नाम के व्यक्ति के पिता एफसीआई से रिटायर हुए थे। यमुना पांच भाई था और उसके पिता के खाते में रिटायरमेंट के करीब 10 लाख रुपय जमा थे। इसी 10 लाख रुपये को लेकर यमुना यादव और उसके छोटे भाई इंद्रजीत यादव के बीच विवाद था। आरोप है कि शनिवार देर रात यमुना यादव शराब के नशे में घर पहुंचा था। यहां उसका परिजनों से विवाद हो गया। इसी क्रम में इंद्रजीत यादव के साथ उसका झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी झगड़े में इंद्रजीत यादव ने यमुना यादव को घर के आंगन में चाकुओं से गोदकर मार डाला। सदर थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि हत्या के आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिटायरमेंट के पैसे के विवाद को लेकर हत्या को अंजाम दिया गया है। पुलिस पूरे मामले में अनुसंधान कर रही है। घटनास्थल नेशनल हाईवे 39 से 25 मीटर की दूरी पर है।