जम्मू-कश्मीर में कोडरमा के जवान ने खुद को मारी गोली, क्षेत्र में शोक की लहर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीपुर गांव के एक सीआरपीएफ के जवान जम्मू कश्मीर मे ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान सुजीत सिंह (27) पिता सिकंदर सिंह के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के बड़े भाई विकास सिंह ने बताया कि बीती रात उनके मोबाइल पर कश्मीर के सीआरपीएफ के एरिया कमांडर का फोन आया और सूचना मिली कि उनके भाई की मौत हो गयी है। ये सुनते ही विकास बदहवास हो गया और आगे कुछ भी बात नहीं कर पाया।
सुजीत का चयन वर्ष 2023 में सीआरपीएफ में हुआ था और उनका शादी छह माह पूर्व ही गिरिडीह जिले के मिर्जागंज के बदडीहा में हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई भी सीआरपीएफ में तैनात हैं।
मौत की असल वजह अबतक पता नहीं चल पाया है। बता दें कि कश्मीर के एक निजी चैनल के अनुसार ड्यूटी के दौरान ही सर्विस राइफल से ही उन्होंने खुद को गोली मार ली है। श्रीनगर के बाहरी इलाके निशात के करपुरा ब्राने में नाका ड्यूटी के दौरान बुधवार देर रात सीआरपीएफ जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली है, जिससे उसकी मौत हो गयी है।
वह 54वीं बटालियन में पदस्थापित थे और ब्रेइन निशात में तैनात थे। कश्मीर की पुलिस ने बताया कि कार्यवाही शुरू कर दी गयी है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
हालांकि आत्महत्या की खबर पर अबतक किसी का आधिकारिक बयान नहीं आया है। बता दें कि उनका पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात रांची एयरपोर्ट पहुंचेगा। जिसके बाद कोडरमा के मरकच्चो पार्थिव शरीर पहुंचेगा, जहां अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जायेगा।