एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व रामपुर मुखिया और समाजसेवी वीरकेसरी सिंह उर्फ टुन्नू सिंह की अंतिम यात्रा में गुरुवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। क्षेत्र के हजारों लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू भी नम आंखों के साथ उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और मुक्ति धाम में पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान भावनात्मक माहौल रहा।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि वीरकेसरी सिंह न केवल कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे, बल्कि जन-जन के सच्चे हितैषी थे। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका और सरल स्वभाव उन्हें आम जनता के बेहद करीब ले आया था।
उन्होंने कहा कि सिंह का जाना लोहरदगा की सामाजिक और राजनीतिक दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। मुक्ति धाम में मंत्रोच्चार के बीच उनकी अंत्येष्टि की गई।
अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, कांग्रेस नेता, समाजसेवी और स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि वीरकेसरी सिंह ने अपने जीवन में हमेशा गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की आवाज को मजबूती से उठाया। उनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, गुड्डू लाल नाथ शाहदेव सहित अन्य लोग मौजूद थे।