Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

झारखंड : राज्य में बेरहम ठंड का सितम जारी!

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
झारखंड : राज्य में बेरहम ठंड का सितम जारी!
विज्ञापन

गुमला के बाद यह शहर सबसे ठंडा, जनवरी में क्या होगा हाल? 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। हर दिन पारा नीचे गिर रहा है और सुबह-शाम की बर्फीली हवाएं लोगों को कंपकंपी महसूस करा रही हैं। सुबह का कोहरा और देर शाम की शीतलहर जैसी स्थिति ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। 

रांची सहित 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट 

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बताया कि राज्य में इस समय कोई प्रमुख मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मौसम पूरी तरह शुष्क और स्थिर बना हुआ है। हालांकि उत्तर भारत के ऊपरी हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ टर्फ के रूप में मौजूद जरूर है, लेकिन इसका झारखंड के मौसम पर किसी प्रकार का प्रत्यक्ष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। 

दिन में हल्की धूप जरूर निकल रही है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड सामान्य से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही बर्फीली हवाएं पारा तेजी से गिरा रही हैं। कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात बन गये हैं। गुमला जिला सबसे ज्यादा ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

ठंडी हवाओं के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने रांची सहित 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे सुबह और देर रात ठंड काफी सख्त महसूस हुई। 

कांके में पारा और भी नीचे जाकर 4.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, खूंटी 5 डिग्री, बोकारो 8.2 डिग्री और डालटनगंज में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई इलाकों में इतनी गलन है कि लोग अलाव का सहारा लेने पर मजबूर हैं। 

13 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरा और धुंध बनी रह सकती है 

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन इससे ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 

वहीं कई जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं। विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 13 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरा और धुंध बनी रह सकती है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। 

मौसम विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही आम लोगों को गर्म कपड़ों का उपयोग करने, सुबह जल्दी और देर रात बाहर निकलने से बचने और आवश्यकतानुसार ही यात्रा करने की अपील की है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 59,360