अच्छी पहल
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन ने किया कंबल का वितरण
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। उप नगरीय क्षेत्र पतराटोली स्थित एसपी मुखर्जी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की लोहरदगा इकाई द्वारा आयोजित कंबल वितरण समारोह में समिति की ओर से रविवार को बुजुर्गों, बेसहारों और जरूरतमंदों के बीच कंबल आदि का वितरण किया गया।
वितरण कार्यक्रम पर जिलाध्यक्ष ममता बंका, संरक्षक शकुंतला राजगढ़िया, अनीता पोद्दार, सुमन राय, सोमा मुखर्जी मीनु, चुन्नू राजगढ़िया, विवान बंका, किशु राजगढ़िया, काव्य बंका आदि विशेष रूप से मौजूद थीं। इस कार्यक्रम में कैमो, ओयना, शांतिनगर, पतराटोली, किस्को मोड, मन्हो आदि गांव के बुजुर्ग माता-पिता और जरूरतमंदों को कंबल के साथ बिस्कुट आदि दिये गये।
समिति की संरक्षिका शकुंतला राजगढ़िया ने इस मौके पर कहा कि ठंड में कंबल वितरण एक महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य है। इसमें जरूरतमंदों, खासकर गरीब महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए गर्म कंबल दिये जाते हैं, इससे उन्हें राहत मिलती है। मारवाड़ी महिला समिति सामाजिक संस्था है। हम सभी महिलाएं इस पुनीत कार्य में आगे आते हैं।
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए भी कई योजनाएं चलती हैं। उन्होंने कहा कि कंबल वितरण का काफी महत्व है। यह भीषण सर्दी में गरीब और बेघर लोगों को हाइपोथर्मिया और अन्य बीमारियों से लोगों को बचाता है। कम्बल पाकर जरूरतमंदों, खासकर वृद्ध और बच्चों के चेहरों पर खुशी आती है। उन्हें शारीरिक आराम मिलता है।
मारवाड़ी महिला समिति लोहरदगा की अध्यक्षा ममता बंका ने कहा कि हमारी संस्था कंबल वितरण को सामाजिक जिम्मेदारी समझती है। यह समाज के संपन्न वर्गों को जरूरतमंदों की मदद करने के लिए प्रेरित करता है। इससे आत्म-संतुष्टि मिलती है। यही वजह है कि हमारी समिति पिछले कई वर्षों से ठंड के मौसम में कंबल, गर्म कपड़े आदि का वितरण लोहरदगा शहर और आसपास के गांव में करते आ रही है।
जिन लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया उनमें बुजुर्ग महिलाएं, बच्चे, और सड़क किनारे रहने वाले लोग शामिल होते हैं, जिन्हें अक्सर मदद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। वितरण अभियान में महिलाओं, बुजुर्ग और विशेष कर जरूरतमंद महिलाओं पर विशेष ध्यान देते हैं। क्योंकि वह अक्सर ठिठुरती रहती हैं। अकेले होने पर अधिक असुरक्षित महसूस करती हैं।
विशिष्ट अतिथि वनवासी कल्याण आश्रम लोहरदगा महिला समिति अध्यक्षता सुमन राय ने कहा कि महिला को रात बिताने के लिए सुरक्षित जगह और कंबल देने से उसे मानसिक शांति और सुरक्षा का एहसास होता है। सेवा करना ही हम सभी का सबसे बड़ा धर्म है।
गरीब वृद्धजनों की सेवा कर मन तृप्त हो गया।अनीता पोद्दार ने कहा कि हम सभी हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है और समर्थ लोगों से अपील की है कि ठंड के इस मौसम पर गरीब एवं जरूरतमंदों की मदद अवश्य करें।
मारवाड़ी सम्मेलन के जिलाध्यक्ष दीपक सर्राफ ने जिला मारवाड़ी महिला सम्मेलन के द्वारा किये जा रहे समाज सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपना समाज हर क्षेत्र में सेवा के कार्य करने के लिए कटिबद्ध है।
फोटो संकेत- लोहरदगा उपनगरी क्षेत्र पतराटोली स्थित एसपी मुखर्जी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में रविवार को मारवाड़ी महिला समिति की ममता बंका, शकुंतला राजगढ़िया, सुमन राय, सोमा मुखर्जी, अनीता पोद्दार व अन्य द्वारा जरूरतमंदों के कंबल वितरण करते।