- हुसैनाबाद के दाता नगर जपला -हैदरनगर मुख्य सड़क पर बना ब्रेकर बना खतरा, बाइक सवार बाल-बाल बचे
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद पलामू। हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के दाता नगर के पास जपला-हैदरनगर मुख्य मार्ग पर स्थित सुशीला अकादमी स्कूल के पास बनाया गया ब्रेकर लोगों के लिए खतरा बन गया है।
सोमवार को रात्रि मे इसी खराब तरीके से बने ऊँचे ब्रेकर पर एक बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बाइक सवार बाल–बाल बच गया। लोगों के अनुसार इस स्थान पर बना ब्रेकर अत्यधिक ऊँचा है, जिसके कारण छोटे वाहनों से लेकर कई बाइक और ऑटो की चेसिस तक रगड़ खा जाती है।
ब्रेकर पर कई रगड़ के निशान भी साफ दिखाई दे रहे हैं, जो इसकी ऊँचाई और खराब निर्माण को दर्शाते हैं। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि ब्रेकर के पास कोई सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे वाहन चालक अचानक ब्रेकर पर चढ़ने की वजह से दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।