लोहरदगा। उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो की अध्यक्षता में आज कोविड-19 संक्रमण से रोकथाम एवं बचाव संबंधित आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक में आधारभूत संरचना, अस्पताल की उपलब्धता, आॅक्सीजन प्लांट, होम आइसोलेशन, नियंत्रण कक्ष समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। मौके पर सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ शंभूनाथ चौधरी ने कोविड-19 संक्रमण की स्थिति में तैयारी की जानकारी देते हुए बताया कि चिरी और सदर अस्पताल में पीएसए आॅक्सीजन प्लांट स्थापित की जा चुकी है। जिसमें आॅक्सीजनयुक्त बेड तैयार हैं। समर्थ आवासीय विद्यालय हिरही, कल्याण आवासीय विद्यालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड की व्यवस्था है। जिले मे 14 आयुष्मान भारत योजना से अच्छादित निजी अस्पताल हैं। 9 अस्पतालों में कोविड-19 के इलाज की सुविधा दी जा रही है। होम आइसोलेशन किट भी उपलब्ध हैं। जिला नियंत्रण कक्ष में भी पॉजिटिव मरीजों से नियमित तौर पर बातचीत करने के लिए प्रतिनियुक्तियां की गई हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जो मरीज पॉजिटिव हो चुके हैं उनके मोबाईल पर स्वरक्षा मोबाइल एप डाउनलोड कराया जाय ताकि आवश्यक जानकारी दी जा सके। आज की बैठक में उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो समेत अन्य उपस्थित थे।