रांची एयरपोर्ट पर क्रिकेटर्स का स्वागत, 30 नवंबर को जेएससीए में भारत-दक्षिण अफ्रीका का वनडे मैच
टीम एबीएन, रांची। दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत के बीच 30 नवंबर को होने वाले वनडे मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी रांची पहुंचने लगे हैं। सोमवार को अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा रांची एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दोनों खिलाड़ी शाम 6:45 बजे फ्लाइट से रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर काफी संख्या में फैंस मौजूद थे, जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और तस्वीरें लेने की कोशिश की।
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से होटल तक खिलाड़ियों की सुरक्षा और ट्रैवल प्लान को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जेएससीए प्रबंधन लगातार खिलाड़ियों के मूवमेंट पर नजर रख रही है। इसी बीच जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि खिलाड़ियों का आना शुरू हो गया है और आने वाले 24 घंटों में टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमों के कई खिलाड़ी रांची पहुंच जायेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रैक्टिस सेशन का पूरा शेड्यूल जल्द जारी किया जायेगा, जिसके लिए जेएससीए ग्राउंड पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार 26 नवंबर को भारतीय वनडे टीम के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा के शाम 6 बजे, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ के 7:45 बजे रांची पहुंचने का कार्यक्रम तय है। इन दोनों खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है।
इस बीच जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को होने वाले बड़े मुकाबले को लेकर तेजी से तैयारी हो रही है। पिच और आउटफील्ड को मैच के अनुरूप अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्टेडियम की सुरक्षा, पार्किंग, दर्शक सुविधा और टिकटिंग व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की गयी है। जेएससीए के अधिकारियों का कहना है कि मैच के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। घरेलू जमीन पर टीम इंडिया जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहती है, वहीं दक्षिण अफ्रीका रांची की पिच पर बेहतर प्रदर्शन के इरादे से उतरने जा रही है। खिलाड़ियों के लगातार आगमन से रांची में क्रिकेट का उत्साह चरम पर है और शहर 30 नवंबर के वनडे मैच के लिए तैयार है।