एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग, रांची में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड,पटना के तत्वावधान में दो-दिवसीय शिक्षण क्षमता संवर्धन कार्यशाला का समापन
एबीएन कैरियर डेस्क। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में सीबीएसई सीओई पटना के तत्वावधान में 21 - 22 नवंबर को दो दिवसीय करियर काउंसेलिंग विषय पर शिक्षण क्षमता संवर्धन कार्यशाला संपन्न हो गया। सीबीएसई के दो संसाधक; आलोक कुमार पाठक तथा लिपिका पात्रा ने क्रियाकलाप आधारित प्रस्तुति दी, जिनमें 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रियतापूर्वक भाग लिया।
पांच-पांच घंटे के दो दिवसीय कार्यशाला में करियर काउंसेलिंग विषय के विविध पहलुओं पर विस्तार से चर्चा-परिचर्चा की गयी। साथ ही प्रश्नोत्तरी, केस स्टडी, परियोजना, अभिनय सहित विविध गतिविधियों पर आधारित क्रियाकलाप आयोजित किये गये, जिनकी मदद से विषय को सुग्राह्य बनाया जा सका। निश्चय ही यह कार्यक्रम अध्यापक समुदाय के लिए लाभप्रद रहा, जिनकी मदद से विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया जायेगा।
प्राचार्य डॉ तापस घोष ने दो दिवसीय कार्यशाला के सफल संचालन के लिए दोनों संसाधकों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि करियर काउंसेलिंग विषय विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
आज के परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों को रोजगार के विविध अवसरों की जानकारी देना तथा उन्हें उनकी रुचि तथा क्षमता के अनुसार रोजगार चयन करने में मदद करना भी उनके शिक्षकों का पुनीत कर्तव्य है। ऐसे सत्रों का नियमित आयोजन सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए अत्यंत लाभप्रद हैं। राष्ट्र गान के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।