Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

आजसू के केंद्रीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने बनायी रणनीति

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
आजसू के केंद्रीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने बनायी रणनीति
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) की  बैठक आज हरमू स्थित आजसू केंद्रीय कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने की। बैठक में  महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2024 से लंबित छात्रवृत्ति राशि के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर छात्र संघ अब भिक्षा आंदोलन शिक्षा के लिए भिक्षा  नामक राज्यव्यापी जनजागरण अभियान प्रारंभ करेगा।

इस अभियान के तहत आगामी दिनों में झारखंड के सभी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में छात्रों के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा। आंदोलन के क्रम में छात्र संघ के कार्यकर्ता और छात्र समुदाय प्रतीकात्मक रूप से कटोरा लेकर सड़कों पर उतरेंगे और सरकार से यह प्रश्न करेंगे कि जब छात्रवृत्ति के लिए छात्रों को भिक्षा मांगनी पड़े, तो विकास और शिक्षा के दावे का क्या अर्थ रह जाता है?

आजसू छात्र संघ ने स्पष्ट किया कि यदि राज्य सरकार ने शीघ्र ही छात्रवृत्ति की राशि जारी नहीं की, तो आंदोलन को चरणबद्ध रूप से तेज किया जाएगा और इसका अंतिम चरण मुख्यमंत्री के समक्ष भिक्षा आंदोलन के रूप में प्रदर्शित किया जायेगा, जिसमें प्रदेश भर के छात्र एकजुट होकर शिक्षा के अधिकार की मांग करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा की शिक्षा हमारा अधिकार है, भीख नहीं। अगर झारखंड सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती रही, तो हम कटोरा लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने कहा कि झारखंड के छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाती, तब आंदोलन ही आखिरी रास्ता बचता है। आजसू  छात्रों की इस न्यायपूर्ण लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

वहीं आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव ने कहा कि भिक्षा आंदोलन छात्रों की मजबूरी नहीं, बल्कि सरकार की असंवेदनशीलता के खिलाफ आवाज है। जब सरकार बहाने बनाती है, तब छात्र सड़कों पर उतर कर सच्चाई दिखाते हैं। यह आंदोलन सरकार को छात्रों की पीड़ा का आईना दिखायेगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, जमाल गद्दी, प्रताप सिंह, रवि रोशन, प्रशांत महतो, शिवम सिंह, राज मजूमदार, योगेश, आरंभ गुप्ता आदि उपस्थित थे।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 32,545