- कुडू नवाटोली में सांसद सुखदेव भगत और विधायक डॉ रामेश्वर उरांव ने पीएमएवाई व अबुआ आवास योजना के लाभुकों का कराया गृह प्रवेश
- मंईयां सम्मान की राशि का हो सही इस्तेमाल: सुखदेव भगत
- सरकार की ओर से मिले आवास की देखभाल स्वयं करें लाभुक : डॉ रामेश्वर उरांव
- वर्ष 2016 से अब तक 38430 लोगों को मिल चुका है आवास योजना का लाभ : डॉ ताराचंद
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। सुखदेव भगत, माननीय सांसद लोहरदगा संसदीय क्षेत्र, डॉ रामेश्वर उरांव लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र और उपायुक्त डॉ ताराचंद द्वारा आज जिला के कुडू प्रखंड के कुडू पंचायत के नवाटोली गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभुकों एवं अबुआ आवास योजना के एक लाभुक का सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश कराया गया।
इसमें अबुआ आवास योजना की लाभुक अनिता उरांव, प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभुक रामी उरांव व प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभुक मंगला उरांव शामिल हैं। जिला में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 127, अबुआ आवास योजना के 892, पीएम जनमन के 21 और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 05 लाभुकों का गृह प्रवेश समेत कुल 1045 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर यह जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुल 323 स्थानों पर ग्राम संकल्प सभा का आयोजन कराया गया।
कार्यक्रम में माननीय सांसद ने कहा कि गांव में हमेशा आप एक-दूसरे के संपर्क में रहें और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों को दूर भगायें। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत एक बड़ी राशि मिल रही है जिसका इस्तेमाल आप बेहतर कार्य के लिए करें। बच्चों को पढ़ायें। अगर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं तो उसमें व्यवसाय को आगे बढ़ाने में इस राशि का इस्तेमाल करें। गांव में कोई भी खुला शौच न करें। नशा से सभी दूर रहें।
सांसद ने कहा कि सरकार कई आवश्यकताएं पूरी कर रही हैं। दशकों पहले ऐसी सुविधा नहीं थी कि सरकार आवास बनाने के लिए आर्थिक सहायता दे। अब दे रही है तो इसका बेहतर इस्तेमाल करें। अपने घरों की हमेशा साफ-सफाई करें।
आज आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में माननीय विधायक ने कहा कि सरकार ने आवास योजना से लाभान्वित किया है। यह मनुष्य की मूलभूत आवश्यकताओं में से एक है। आपको इसे संभाल कर रखना है। हमेशा साफ-सफाई रखना है। आवश्यकता पड़े तो मरम्मती भी स्वयं करा लेना है।
विधायक ने कहा कि सरकार व्यक्ति के जन्म से ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करती है। आंगनवाड़ी केंद्र में पोषक तत्वों से भरपूर आहार मिलता है। जनवितरण प्रणाली की दुकानों से खाद्यान्न, पढ़ने के छात्रवृत्ति, छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, विद्यालय जाने के लिए साईकिल वितरण की योजना, विवाह के लिए लड़कियों को कन्यादान योजना, गर्भावस्था से प्रसव तक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, बीमारी के लिए भी कई योजनाओं से लाभान्वित किया जाता है।
स्वरोजगार करने के लिए भी मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत भी ऋ़ण उपलब्ध कराया जाता है। ऐसी ही कई महत्वकांक्षी योजनाएं हैं जिसका लाभ लिया जा सकता है। तन ढंकने के लिए सरकार धोती/लुंगी-साड़ी वितरण योजना का लाभ दे रही है। महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना का लाभ, सभी वर्ग को सर्वजन पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है।
उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा कि वर्ष 2016 से अब लोहरदगा जिला में अब तक 38430 लोगों को विभिन्न आवास योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। नये लोगों का भी सर्वे किया गया है जिनके पास अपना पक्का मकान नहीं है। उन्हें भी लाभान्वित किया जायेगा।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं जिसमें ये सभी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इतने वर्षों में राज्य ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। हम सभी को मिलकर राज्य को आगे बढ़ाना है, एक बेहतर माहौल तैयार करना है।
राज्य सरकार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभुक को 2500 रुपए प्रतिमाह दे रही है। इस राशि का इस्तेमाल महिलाएं अपने बच्चों की पढ़ाई, व्यवसाय में करें। नशापान से ग्रामीण दूर रहें।
ये रहे मौजूद
आज के कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, कुडू अंचल अधिकारी संतोष उरांव, सांसद के निजी सचिव आलोक साहू, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी, मुखिया सुषमा देवी, प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक केके गुप्ता समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।