सीएम हेमंत सोरेन बोले- राज्य का 25वां वर्ष गौरव
टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर मंगलवार को रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से रन फॉर झारखंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर झारखंड के साथ-साथ झारखंड रजत जयंती कार्यक्रमों व धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रमों के श्रृंखला की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यवासियों को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी और कहा कि मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं, जिनके लंबे संघर्ष, कुबार्नी और शहादत से इस राज्य की पहचान बनी है। झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि रन फॉर झारखंड के माध्यम से हम राज्य के प्रति अपनत्व, एकता और विकास की भावना को मजबूती देना चाहते हैं। राज्य स्थापना की यह रजत जयंती 15 नवंबर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनायी जायेगी।
झारखंड का स्थापना दिवस हमारे गौरव, एकता और संघर्ष की पहचान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड का स्थापना दिवस हमारे गौरव, एकता और संघर्ष की पहचान है। भगवान बिरसा मुंडा और अन्य शहीदों के बलिदान से ही यह राज्य अस्तित्व में आया है।
उन्होंने आगे कहा कि रन फॉर झारखंड राज्य की एकता और अखंडता का प्रतीक है, जो युवाओं को राज्य के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड की रजत जयंती 15 नवंबर को पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाई जायेगी।