- झारखंड स्थापना दिवस उत्सव, जनभागीदारी और विकास के संकल्प का प्रतीक : उपायुक्त
- उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रथ को किया रवाना
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)।झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सोमवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने संयुक्त रूप से रथ को रवाना करते हुए जिलेवासियों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
रथ रवानगी के अवसर पर उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस गौरव का क्षण है। झारखंड स्थापना दिवस उत्सव, जनभागीदारी और विकास के संकल्प का प्रतीक है। सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। जागरूकता ही सशक्त समाज की नींव है। जागरूकता रथ एवं नुक्कड़-नाटक के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
यह जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखण्डों, पंचायतों एवं गांवों में भ्रमण करेगा और आम जनता को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी देगा। रथ में लगे ऑडियो सिस्टम के माध्यम से योजनाओं के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। साथ ही नुक्कड़-नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जागरूक किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक भी सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंच सके।
हरी झंडी दिखाने के पूर्व उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों ने नुक्कड़-नाटक टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं जागरूकता रथ से प्रसारित हो रहे जागरूकता संदेश की प्रस्तुतियों को देखा व सुना। अधिकारियों ने कार्यक्रम प्रस्तुति की सराहना की।
जागरूकता रथ को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, जिसमें झारखंड के विकास यात्रा, राज्य सरकार की प्रमुख योजनाएं जैसे अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पेंशन योजना, कृषि संबंधित योजनाओं सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक दिखाई गई है। साथ ही नुक्कड़-नाटक एवं ऑडियो के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
रथ के माध्यम से 11 नवंबर से 29 नवंबर 2025 तक जिले के विभिन्न हिस्सों में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि राज्य स्थापना को जनता के साथ मिलकर गौरव के रूप में मनाया जा सके। जागरूकता रथ रवानगी के मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।