एबीएन डेस्क। राजस्थान से उठा साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर से आ रही हवाओं का असर झारखंड पर भी पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ भी इसमें अपनी भूमिका निभाएगा। इससे जल्द ही झारखंड का मौसम के बदलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसके चलते 9 से 12 जनवरी तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रांची सहित राज्य में 8 जनवरी के बाद ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर दिशा से हवा चलेगी। इससे रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इससे ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी। रांची मौसम केंद्र ने एक पूर्वानुमान जारी कर बताया है कि आठ जनवरी से राज्य के विभिन्न जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं 9 जनवरी से राज्य में बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिकों का मानना है कि राजस्थान में साइक्लोन बन रहा है और वहां 8 से 9 जनवरी तक सुबह कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा है। इस दौरान 24 जिलों के तापमान का आकलन करें तो सबसे अधिक उच्चतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान बोकारो में 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। रांची में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.8, जमशेदपुर में 13.4, डालटेनगंज 11.7, बोकारो 10.1. चाईबासा में 13.6, देवघर में 10 .9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो रांची में 26.5, जमशेदपुर में 27.6, डालटेनगंज में 26.2, बोकारो में 26.1, चाईबासा में 28.4 और देवघर में 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।