टीम एबीएन, रांची। खबर है कि आईपीएस अनुराग गुप्ता ने डीजीपी के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मंगलवार की देर शाम इस्तीफा दिया है। उनके इस्तीफे को सरकार ने स्वीकार किया है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि उनके स्थान पर नये पुलिस प्रमुख कौन होंगे।
आईपीएस प्रशांत सिंह और एमएस भाटिया के नाम की चर्चा हवा में है। अनुराग गुप्ता के इस्तीफे की खबर मंगलवार की शाम से तब शुरू हुई, जब कार्यालय बंद होने के बाद रात के करीब 7:30 डीजीपी कार्यालय में दुबारा गतिविधियां शुरू हुईं। डीजीपी अनुराग गुप्ता भी कार्यालय पहुंचे। इसके बाद वह कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। कुछ देर के बाद वहां से घर लौट गये।
भाटिया या प्रशांत सिंह के नाम पर चर्चा
वहीं दूसरी तरफ नये डीजीपी को लेकर भी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। बताया जा रहा है कि सीनियर आईपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह या एमएस भाटिया राज्य के नये डीजीपी हो सकते हैं। प्रशांत सिंह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और फिलहाल डीजी मुख्यालय के पद पर तैनात हैं। वहीं एमएस भाटिया 1993 बैच के आईपीएस हैं और फिलहाल डीजी अग्निशमन विभाग के पद पर तैनात हैं।
चर्चित रहा पूरा कार्यकाल
अनुराग गुप्ता का डीजीपी के पद पर का पूरा कार्यकाल चर्चा का विषय रहा। डीजीपी पद पर उनके पदस्थापन और फिर एक्सटेंशन को लेकर लगातार विवाद सामने आता रहा। यूपीएससी ने तो अनुराग गुप्ता को झारखंड का डीजीपी माना ही नहीं। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले अनुराग गुप्ता को झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया गया था लेकिन चुनाव आयोग के निर्देश पर उन्हें डीजीपी के पद से हटा दिया गया था।
लेकिन विधानसभा चुनाव खत्म होते ही सरकार ने उन्हें फिर से झारखंड का डीजीपी बना दिया था। 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता की पहचान एक तेज तर्रार आईपीएस अफसर के रूप में रही है। लेकिन विवादों ने उनका कभी पीछा नहीं छोड़ा।