- आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान की चेतावनी, तमिलनाडु और बंगाल-ओडिशा भी होंगे प्रभावित; झारखंड में अलर्ट
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कुछ राज्यों में बारिश और मौसम बदलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र तेज होकर गहरे दबाव, फिर चक्रवात और आखिर में गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार यह तूफान 28 अक्तूबर की शाम या रात को माचिलीपट्टनम और कलिंगापट्टनम के बीच काकिनाडा के पास आंध्र प्रदेश तट को पार कर सकता है।
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार, यह दबाव क्षेत्र लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है, 26 अक्तूबर तक एक गहरे दबाव क्षेत्र में तब्दील हो सकता है और 27 अक्तूबर तक दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। बाद में, 28 अक्तूबर की सुबह तक इसके एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।
तूफानी हवाओं के साथ गरज चमक की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान तेज हवा की गति 90-100 किमी/घंटा, झोंकों के साथ 110 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। इसके कारण तिरुवल्लूर, चेन्नई, रणिपेट, कांचीपुरम, चेंगलपट्टु और विलुपुरम जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने और गरज चमक की संभावना भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की चेतावनी दी गई है।
अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और बिजली गिरने की संभावना
चेन्नई और आसपास के इलाकों में मौसम बादल वाला रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश की एक-दो बार संभावना है। ऊटी (तिरुनेलवेली) में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि तिरुपुवणम (शिवगंगा) में सबसे कम 1 सेमी बारिश हुई। अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
ओडिशा में तूफान की तैयारी
ओडिशा सरकार ने आंध्र प्रदेश तट के पास एक गंभीर चक्रवाती तूफान (एससीएस) के 28 अक्तूबर को पहुंचने की संभावना को देखते हुए आपात स्थिति की तैयारी शुरू कर दी है। आईएमडी के अनुसार, यह दबाव 26 अक्तूबर तक गहरे दबाव में बदल जाएगा और 27 अक्तूबर तक चक्रवाती तूफान बन जाएगा। 28 अक्तूबर की शाम या रात को आंध्र प्रदेश के मचिलिपट्टनम और कलींगापट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है, जिसकी अधिकतम गति 110 किमी/घंटा हो सकती है। ओडिशा के कुछ तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
राज्य के जिन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, इसमें गंजाम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मल्कानगिरी में 20 सेमी से अधिक बारिश की संभावना है। वहीं पुरी, खुर्दा, नयागढ़, कंधमाल, कालाहांडी और नवरंगपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, इसके तहत 12-20 सेमी बारिश की संभावना है। वहीं नौ अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जहां 7-11 सेमी बारिश की संभावना है।