- 108 दीप दान कर मनाई जाएगी कुंवर श्रीनाथ शाहदेव की 209 वीं जयंती
टीम एबीएन रांची। पालकोट शाहदेव परिवार के पूर्वज कुंवर श्री नाथ शाहदेव जी की 209 वीं जयंती धनतेरस दिनांक 18 अक्टूबर को मनाई जा रही है। पालकोट राजवंश के कुंवर श्री नाथ शाहदेव अपने लोक कल्याण के कार्यों के लिए याद किये जाते हैं।
रांची शहर के मध्य में स्थित रांची बड़ा तालाब पूर्व काल में पालकोट शाहदेव परिवार की ही खरीदी हुई सम्पति थी एवं उनके देख रेख में ही थी, सन 1916 में परिवार द्वारा इसे रांची मुनिसिपल्टी को शर्तों के साथ लीज पर दे दिया गया। कुंवर श्री नाथ शाहदेव ने ही सन 1845 में रांची बड़ा तालाब के दक्षिण में स्थित पक्की घाट का निर्माण लोक कल्याण के लिए करवाया था, जिसके संबंध में शिलालेख एवं दस्तावेज आज भी उपलब्ध हैं।
इसी घाट पर क्षेत्र की जनता अपने धार्मिक और सांस्कृतिक रीतियों को डेढ़ सौ वर्षों से अधिक समय से सम्पन्न करती रही है। कुंवर श्री नाथ शाहदेव द्वारा निर्मित पक्की घाट 180 वर्ष पुरानी है और रांची शहर की विरासत है। कुंवर श्री नाथ शाहदेव के वंशज पालकोट शाहदेव परिवार, अपने पूर्वज की जयंती धनतेरस के दिन उनके नाम से जलाशय में दीप दान कर के मनाते हैं।