टीम एबीएन, रांची। रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 पुरुष वर्ग का खिताब गोस्सनर कॉलेज, रांची के जीतने के बाद आज सभी खिलाड़ियों का कॉलेज परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। साथ ही कॉलेज के सभी विभागों में घूम घूम कर ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया। सभी शिक्षकों ने खिलाड़ियों को शुभकामना दी। अंतत: कॉलेज के प्राचार्या महोदया को ट्रॉफी सुपुर्द की गयी।
मौके पर प्राचार्या प्रो एलानी पूर्ति ने कहा कि आप लोगों ने चैंपियन बनकर कॉलेज का नाम एवं मान बढ़ाया है, आप लोग इसी तरह अपना और कॉलेज का नाम रोशन करते रहें और पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी योगदान दें। क्योंकि खेल के क्षेत्र में करियर की असीम संभावनाएं हैं। मौके पर महाविद्यालय के वर्सर प्रो प्रवीण सूरीन ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।
राजनीति शास्त्र विभाग के विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर विनय जॉन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि खेल के क्षेत्र में कई बड़े नाम हुए हैं, जो गोस्सनर कॉलेज से ही पास आउट हैं। अंग्रेजी विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉक्टर विभा हांसदा ने भी शुभकामना देते हुए कहा कि खेल और पढ़ाई दोनों आज के विद्यार्थियों के लिए बहुत जरूरी है।
मौके पर डीन आर्टस विभाग के डॉ प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा खेल के क्षेत्र में आप आगे बढते रहिए, सफलता जरूर मिलेगी। मौके पर शिक्षक प्रतिनिधि प्रोफेसर अमरदीप टोपनो, डॉक्टर योताम कुल्लू, प्रोफेसर जोलेन सोय, प्रो अमित कुजूर, गेम इंचार्ज प्रोफेसर हेमंत टोप्पो सहित कई शिक्षक एवं सभी फुटबॉल खिलाड़ी मौजूद थे।