ऐसा वोट करें कि विरोधी दल की जमानत हो जाये जब्त : हेमंत सोरेन
टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। झामुमो ने घाटशिला उपचुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को झामुमो उम्मीदवार सोमेश सोरेन के परचा भरने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटशिला के सर्कस मैदान में जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसा वोट करें कि विरोधी दल की जमानत जब्त हो जाये। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में घाटशिला की जनता ने झामुमो उम्मीदवार रामदास सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाया था। इस पर भी ध्यान देना है। वोट नहीं बंटना चाहिए।
भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि देश के कई राज्यों के एक दर्जन सीएम डेरा डाले हुए हैं। अगर दो दर्जन भी आ जाएं तो आपका सीएम उनपर भारी पड़ेगा। विपक्ष के लोग आग का गोला छोड़ने वाले हैं। लेकिन हम छक्का छुड़ाने को तैयार हैं।
ऐसा छक्का छुड़ायेंगे कि जहां से गोला आयेगा, वह वहां से दूर चला जायेगा। आज घाटशिला में झामुमो और गठबंधन उम्मीदवार छोटे भाई सोमेश चंद्र सोरेन के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुआ।
घाटशिला का आगामी उपचुनाव हम लोगों के लिए अलग परिस्थिति में हो रहा है। कुछ ही दिनों पहले आदरणीय दिशोम गुरुजी का निधन हुआ था जिसके बाद आदरणीय रामदास दा का निधन हो गया। यह ना जाने क्या संदेश था यह हम नहीं बता सकते! लेकिन कोई ना कोई जरूर ताकत है जो ऐसी स्थिति पैदा करती है और ऐसी स्थिति आती है।
इस उपचुनाव में सोमेश बाबू को प्रत्याशी बनाया गया है। जिस तरह से आप लोगों ने पिछली बार ऐतिहासिक मतों के साथ, घाटशिला के इतिहास में पहली बार 20-22 हजार से अधिक मतों से रामदास बाबू को जिताया था, ठीक उसी तरह इस बार विरोधियों का जमानत जब्त करना है।