आनलाइन चालान से बचने के लिए गाड़ी के नंबर की टेंपरिंग पड़ेगा महंगा, जानें, क्या है ट्रैफिक पुलिस का प्लान!
टीम एबीएन, रांची। ट्रैफिक चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट को टेंपर कर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। 5 दिनों के अंदर दो दर्जन से ज्यादा वाहन चालकों को नंबर टेपरिंग के लिए फाइन किया गया है।
एक ही दिन में 18 पकड़े गए
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि प्राय: ऐसी शिकायत मिल रही थी कि मोटर वाहन के मालिकों के द्वारा अपने वाहन रजिस्ट्रेशन को अपने नंबर प्लेट पर छेड़छाड़ कर वाहन का प्रयोग किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद राजधानी के सभी चौक चौराहा पर ऐसे चालकों के खिलाफ वृहद अभियान शुरू किया गया।
इस अभियान में गुरुवार को ही 18 वाहन पकड़े गए हैं। सभी वाहनों के नंबर में छेड़छाड़ किया गया था। कुछ नंबर प्लेटों में सेलो टेप साथ कर उसे छुपा दिया गया था। पिछले एक सप्ताह के दौरान ऐसे दो दर्जन से ज्यादा वाहनों को पकड़ा गया और उन पर फाइन किया गया है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि गलत ढंग से नंबर प्लेट पर अंकित किए गए नंबर वाले वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
क्यो की जा रही है नंबर प्लेट पर छेड़छाड़
बता दें कि रांची के लगभग सभी चौक चौराहों पर अब ट्रैफिक पुलिस चालान नहीं काट रही है बल्कि कैमरे चालान काट रहे हैं। जैसे ही कोई ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करते हुए दिखता है तुरंत उसका चालान कट जाता है।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोग चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर बैंडेज चिपका दे रहे थे तो कई ड्राइव के समय नम्बर प्लेट पर कपड़ा डाल देते हैं। जिससे पूरा नंबर कैमरे में न आ पाए और उनका आनलाइन चालान ही न कटे। रांची के ट्रैफिक एसपी ने बताया कि अब ऐसे लोगों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।