15 बाइक चोर गिरफ्तार, 24 से अधिक मोटरसाइकिल बरामद
टीम एबीएन, रांची। पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले बड़े गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह के 15 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही लगभग 24 चोरी की मोटरसाइकिल को बरामद किया है।
चालाकी के साथ छुपाते थे चोरी की बाइक
रांची पुलिस के लिए चुनौती बने बाइक चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गयी है। ग्रामीण एमपी प्रवीण पुष्कर के नेतृव में कार्रवाई करते हुए नामकुम इलाके से एक साथ 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लगभग चोरी की 24 बाइक बरामद की गयी है।
गिरफ्तार वाहन चोरों के द्वारा चोरी से पहले कस्टमर सेट कर लिया जाता था, उसके बाद वारदात को अंजाम दिया जाता था। वहीं चोरी की बाइक का अगर खरीदार नहीं मिलता था तो ये गिरोह बाइक को सुरक्षित रखने के लिए भी नया तरीका खोजकर तैयार रखते थे।
चोरी के बाद गिरोह जमकर पार्टी करता था और होटल में पैसे के बदले महंगी बाइक गिरवी रखवाकर चले जाते थे। कुछ दिन बाद गिरोह होटल पहुंचता और होटल मालिक को यह कहकर धमकाते थे कि उन्होंने चोरी की बाइक को अपने होटल में छुपाई है और इस बात की जानकारी वह पुलिस को दे देंगे।
गिरोह की धमकी से होटल कारोबारी डर जाते थे और उन्हें बाइक वापस कर देते थे। गिरोह के द्वारा मुख्य रूप से महंगी बाइक की ही चोरी की जाती थी। जानकारी के मुताबिक गिरोह के कुछ सदस्य, पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
मोटरसाइकिल चोरी की घटनाक्रम में अपनी संलिप्तता स्वीकार किये जाने के बाद लगभग 24 मोटरसाइकिल के साथ 15 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद बाइकों की अनुमानित कीमत लगभग 30-35 लाख रुपये है।