- मंत्री इरफान अंसारी ने की खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा
- दीपावली से पहले राशन और चीनी उपलब्ध कराने का निर्देश
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने आज कडरू स्थिति SFC भवन में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह के अलावा कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद मंत्री इरफान अंसारी ने मीडिया से बातचीत में बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उनका विभाग सीधे जनता की रसोई से जुड़ा हुआ है, इसलिए अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब किसानों को वन टाइम पेमेंट
मंत्री इरफान ने बताया कि उनके विभाग और सरकार ने पहली बार धान क्रय के लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा किया है। साथ ही अब धान बिक्री करने वाले किसानों को वन टाइम पेमेंट करने का निर्णय बैठक में लिया गया है।
दीपावली से पहले चीनी वितरण का निर्देश
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के लगभग 09 लाख गरीब परिवारों को पिछले 9 महीनों से चीनी नहीं मिल पा रही थी, लेकिन अब सरकार ने निर्णय लिया है कि दीपावली से पहले हर गरीब परिवार की को अनाज के साथ-साथ चीनी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पीडीएस डीलरों को निर्देश दे दिया गया है कि वे 20 तारीख से पहले कार्डधारकों के बीच चीनी का वितरण करें, ताकि लोगों को त्योहार के समय परेशानी न हो।
दाल आपूर्ति में देरी के लिए केंद्र पर निशाना
इस दौरान इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की उदासीनता के कारण दाल की आपूर्ति में देरी हो रही है। कई बार पत्राचार करने के बावजूद केंद्र ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई है। ऊपर से राज्य का कोटा भी कम कर दिया गया है। इसके बावजूद राज्य सरकार ने खुद से दाल खरीद के लिए निविदा जारी कर दी है, ताकि जल्द हर लाभुक को दाल उपलब्ध कराया जा सके।
धोती, साड़ी और लुंगी वितरण का निर्णय
आज की समीक्षा बैठक के दौरान लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए विभागीय मंत्री ने बताया कि दिवाली से पहले हर अंत्योदय परिवारों के बीच धोती, साड़ी और लुंगी का वितरण किया जाएगा। इस बार इन वस्त्रों के साथ गुरुजी की तस्वीर भी दी जाएगी, जो राज्य की परंपरा और सम्मान का प्रतीक हैं।
समीक्षा बैठक में लिये गये ये महत्वपूर्ण निर्णय
- NFSA का DSD एवं वितरण अक्टूबर माह में मिशन मोड में कराने का निर्देश, ताकि त्योहारों के समय किसी को अनाज की कमी न हो।
- चीनी आपूर्ति को लेकर सख्त आदेश, त्योहार से पहले सभी जिलों में सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित हो।
- जिन पांच जिलों में धोती, लुंगी और साड़ी वितरण में विलंब हुआ है, वहां गति बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
- 6,12,489 अपात्र राशन कार्डधारियों को हटाकर 7,92,545 नए योग्य लाभुकों को जोड़ा गया, जिससे पात्र परिवारों को अब लाभ मिलेगा।
- प्रत्येक जिले में 100 गंभीर और असाध्य रोगियों के लिए विशेष कोटा सुरक्षित रखने और राशन कार्ड बनाने का आदेश दिया गया, ताकि उन्हें समय पर इलाज के लिए राहत मिल सके।
- E-POS मशीनों के उन्नयन हेतु अगले तीन माह में 4G मशीनों की आपूर्ति और स्थापना का आदेश दिया गया।
- गढ़वा के केतार गोदाम से अनाज के कथित गबन मामले में गढ़वा डीसी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।