लाखों के सोने-चांदी के जेवर बरामद
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जामताड़ा। बंद घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले का जामताड़ा पुलिस ने उद्भेदन किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं।
इसकी पुष्टि जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता ने की है। पकड़े गए अपराधियों में पिंटू कुमार सिंह, विवेक उर्फ पावर कर और सचिन सिंह शामिल है। तीनों अपराधी बिंदापाथर थाना क्षेत्र के श्रीपुर के निवासी हैं।
एसपी ने बताया कि बिंदापाथर थाना क्षेत्र के श्रीपुर के रहने वाले पीड़ित मुकेश सिंह के आवेदन पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। पीड़ित ने पुलिस को दिये गये आवेदन में बताया था कि वह घर में ताला बंद कर परिवार समेत वैष्णो देवी की यात्रा पर गये थे। इसी बीच उनके घर में चोरी हो गयी। चोरों ने घर में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जब मुकेश कुमार वापस जामताड़ा लौटे तो घर से सारा गहना गायब पाया।
इसके बाद उन्होंने फौरन पुलिस को मामले की जानकारी दी। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। एसपी ने मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी गठित कर दी। अनुसंधान के क्रम में पता चला कि श्रीपुर के रहने वाले तीन युवकों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने छापेमारी कर श्रीपुर से ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।