झारखंड में जल्द होंगे निकाय चुनाव
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति के बाद नगर निकाय चुनाव जल्द होने की संभावना बढ़ गई है। कार्यभार संभालने के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने आयोग कार्यालय में अब तक हुई तैयारियों की जानकारी ली।
इसके बाद शुक्रवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के कामकाज पर चर्चा हुई। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम के अनुसार आयोग नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयार है।
बस सरकार के निर्णय की प्रतिक्षा की जा रही है, क्योंकि प्रारंभिक तैयारी के बाद वार्डों और पदों के निर्धारण के लिए, जो आरक्षण व्यवस्था नगर विकास विभाग तय करके आयोग को देगा, उसी अनुरूप चुनाव कराए जायेंगे, जिसे लेकर इंतजार किया जा रहा है। इन सबके बीच आगामी 14 अक्टूबर को नगर निकाय चुनाव को लेकर एक बार फिर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।
पिछली सुनवाई में न्यायालय के सख्त रुख को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि उससे पहले सरकार, नगर निकाय चुनाव को लेकर कुछ निर्णय ले सकती है। करीब 2 सालों से नगर निकाय चुनाव लंबित होने पर सियासत जारी है। प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी, राज्य सरकार पर ओबीसी ट्रिपल टेस्ट का बहाना बनाकर चुनाव नहीं कराने का आरोप लगा रही है।