- गुमला में रावण दहन का कार्यक्रम सांसद के हाथों संपन्न हुआ
- रावण दहन कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भक्तजन उपस्थित थे
एबीएन न्यूज नेटवर्क लोहरदगा। दशहरा के शुभ अवसर पर गुमला के अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें लोहरदगा लोकसभा के माननीय सांसद श्री सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद सुखदेव भगत के हाथों रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मौके पर उपस्थित भक्तजनों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी दिन भगवान राम ने रावण का वध कर धर्म और न्याय की स्थापना किए थे। दशहरा में हम सभी अहंकार , अन्याय और लोभ का अंत करने और व्यक्तिगत व सामाजिक स्तर पर सत्य और धर्म की स्थापना करने का संकल्प लेते हैं।
दशहरा हमें यह संदेश देता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों ना हो अंतत जीत हमेशा सच्चाई और धर्म की होती है। आज के दिन हम सभी भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प ले। सांसद ने वहां पर उपस्थित हजारों भक्तों को दशहरा की शुभकामनाएं दी।
मौके पर पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, पुलिस कप्तान हरीश बिन जमा, अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी, आलोक कुमार साहू ,दीप नारायण उरांव, संतोष कुमार गुप्ता गुड्डू सहित आयोजन समिति के सभी पदाधिकारी गण उपस्थित थे।