22 एंबुलेंस को ड्यूटी पर लगाया गया
टीम एबीएन, रांची। जिले में जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। सिविल सर्जन रांची, डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि इस बार कुल 22 एंबुलेंस को ड्यूटी पर लगाया गया है, जिनमें से 14 एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात की गई हैं।
इसके अलावा, जहां भी भीड़ अधिक रहने की संभावना है, वहां एंबुलेंस के साथ चिकित्सकीय स्टाफ और कुछ स्थानों पर डॉक्टरों की भी मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
रांची सदर अस्पताल में विशेष रूप से आपात स्थिति के लिए बेड सुरक्षित रखे गये हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसके साथ ही सभी प्रखंड अस्पतालों में भी बेड की व्यवस्था करायी गयी है। निजी अस्पतालों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी आकस्मिक स्थिति में लोगों का उपचार तत्परता से करें।
डॉ. कुमार ने साफ किया कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी डॉक्टर को छुट्टी नहीं दी जायेगी, केवल अत्यंत आपात स्थिति में ही छुट्टियां मंजूर की जायेगी। इसका उद्देश्य यह है कि त्योहार के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कमियों को नहीं छोड़ा जाय। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस पावन पर्व को आपसी मेल जोल और सौहार्द के साथ मनायें।