धनबाद में दिनदहाड़े गोलीबारी से हड़कंप, कंपनी के अधिकारी पर बदमाशों ने की फायरिंग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड का धनबाद शहर शनिवार (27 सितंबर) सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक कंपनी के प्रोजेक्ट आफिसर गोपाल रेड्डी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें गोपाल रेड्डी को गोली लगी और उन्हें आनन फानन में धनबाद स्थित अशर्फी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि प्रोजेक्ट आफिसर गोपाल रेड्डी नवरात्र को लेकर आॅफिसर जाने से पहले मुनीडीह काली मंदिर दर्शन के लिए गये थे। मंदिर से निकलते ही जैसे उनकी कार आगे बढ़ी अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना मुनीडीह थाना क्षेत्र के डीएवी स्कूल रोड स्थित काली मंदिर के पास की बताई जा रही है।
मुनीडीह काली मंदिर के पास चार रास्ते हैं। घटना के बाद अपराधी किस तरफ फरार हुआ, इसकी जानकारी पुलिस को नहीं मिल पा रही है। सुबह का वक्त होने के कारण लोग भी काफी कम थे। बताया जाता है कि हाल के दिनों में ही गोपाल रेड्डी ने एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट के रूप में इंदू आउटसोर्सिंग में योगदान दिया है।
पूरे इलाके में फैल गई है सनसनी
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी लॉ एंड आर्डर नौशाद आलम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। दुर्गा पूजा को लेकर जहां लोगों में उत्साह है वहीं दिन दहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस जहां अपराधियों की धरपकड़ के लिए तलाश में जुट गई है तो वहीं आम लोग कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
दिन दहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना पर धनबाद के डीएसपी लॉ एंड आॅर्डर नौशाद आलम ने बताया कि सुबह 9:30 के करीब यह घटना हुई है। फिलहाल प्रोजेक्ट आफिसर गोपाल रेड्डी का इलाज चल रहा है। इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।