टीम एबीएन, रांची। झारखण्ड में कोरोना का कहर रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में बुधवार को कोरोना विस्फोट हुआ। बुधवार को रिम्स के दर्जनों डॉक्टर, नर्स समेत 179 हेल्थ वर्कर्स कोरोना पॉजिटिव मिले। बुधवार को रिम्स में कुल 1493 लोगों की कोरोना जांच की गयी थी, जिसमें 245 की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं कांके के भाजपा विधायक समरी लाल भी कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें रिम्स में एडमिट कराया गया है। बुधवार को रिम्स में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। मृतक का नाम अशोक मिंज है वह रांची के ललगुटवा का रहनेवाला है। इससे पहले रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के आवासीय कार्यालय में भी कोरोना विस्फोट हुआ है। 26 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एसएसपी के आवासीय कार्यालय को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। एसएसपी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। राजधानी रांची में कोरोना तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को 1196 कोरोना पॉजिटिव अकेले रांची से मिले। जबकि पूरे राज्य में 2681 पॉजिटिव केस मिले।