हजारीबाग में सड़क हादसा: पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलटी, 12 लोग घायल...2 की हालत नाजुक
टीम एबीएन, रांची। हजारीबाग जिले में रविवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में करीब 12 लोग घायल हो गये, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि हजारीबाग शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर यह हादसा सुबह करीब छह बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-522 पर बिष्णुगढ़ और बगोदर के बीच हुआ, जब एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।
बिष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बीएन प्रसाद ने बताया कि वाहन हजारीबाग की महाराष्ट्रियन कॉलोनी से यात्रियों को लेकर बगोदर जा रहा था, जो हजारीबाग और गिरिडीह जिले की सीमा पर स्थित है।
इस हादसे में कम से कम 12 लोग घायल हो गये हैं। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 2 मरीजों को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया है।