पुलिस और सीआरपीएफ को मिली बड़ी सफलता, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले में रविवार अहले सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पांच लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया। जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ मनातू जंगल में हुई, जहां झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से कांबिंग आपरेशन चलाया। मारे गये नक्सली मुखदेव यादव का संबंध टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति समिति) संगठन से था और वह लंबे समय से पलामू इलाके में सक्रिय था।
राज्य सरकार ने उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। सुरक्षाबलों को मुखदेव के ठिकानों की कई बार गुप्त सूचना मिली थी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। इस बार विशेष अभियान में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया। इस आपरेशन में कोबरा, झारखंड जगुआर और अन्य बलों के जवान शामिल थे। अभियान का मुख्य लक्ष्य 10 लाख का इनामी नक्सली कमांडर शशिकांत था।
पुलिस टीम जैसे ही मनातू जंगल में आगे बढ़ी, टीपीसी के उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुखदेव मारा गया। गौरतलब है कि तीन सितंबर को पलामू में हुई एक मुठभेड़ में दो पुलिस जवान शहीद हो गये थे। उस घटना में भी मुखदेव शामिल था।
पुलिस अब उस क्षेत्र में सक्रिय अन्य नक्सलियों की तलाश में जुट गयी है। पलामू के मनातू, तरहसी और चतरा के सीमावर्ती इलाके टीपीसी के गढ़ माने जाते हैं। शशिकांत का दस्ता 8 से 10 सदस्यों का बताया जाता है, जिनमें मुखदेव यादव और नगीना भी शामिल थे।