रांची। राजधानी के बुंडू में कोरोना विस्फोट हुआ है। बुंडू स्थित इंदिरा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के छात्रावास की 28 छात्राएं एवं एक गार्ड कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक ही छात्रावास से कुल 29 के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद छात्रावास को सील कर दिया गया है। उक्त कोरोना विस्फोट के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों में कोरोना को लेकर एक बार फिर खौफ समा गया है। प्रशासन भी हरकत में आ गया है। अनुमंडलीय अस्पताल, बुंडू उपाधीक्षक डॉ विजय प्रसाद ने बताया कि बुंडू एसडीओ द्वारा विभिन्न स्कूलों, छात्रावासों में रैपिड एंटीजेन टेस्ट की गाइडलाइन जारी किए जाने के बाद पहले बुधवार को चार छात्राओं का रैपिड एंटीजेन टेस्ट किया गया जिसमें वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक विजय प्रसाद द्वारा गुरुवार को एक जांच टीम पुन: इंदिरा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भेजी गई। गुरुवार को कुल 96 का रैपिड एंटीजेन टेस्ट किया गया। गुरुवार को किए गए टेस्ट में फिर 24 छात्राएं एवं एक गार्ड कुल 25 कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
इस प्रकार इंदिरा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय छात्रावास में अब तक कुल 29 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बुंडू सीओ राजेश डुंगडुंग ने बताया कि सभी 29 कोरोना पॉजिटिव को आइसोलेट कर दिया गया है।