Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

धनबाद में एक बार फिर खदान हादसा, दो की मौत

धनबाद में एक बार फिर खदान हादसा, दो की मौत
विज्ञापन

धनबाद में अवैध कोयला खदान धंसी, दो की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित चापापुर ओसीपी में बड़ा हादसा हो गया। अवैध कोयला उत्खनन के दौरान खदान धंस गयी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी। वहीं एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल एसएनएमएमसीएच (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल) धनबाद पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी भी कम से कम पांच लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। 

घटना के बाद गुस्साये ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर जुट गये और खुद ही राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह हुआ जब दर्जनों लोग अवैध तरीके से कोयला निकालने खदान में उतरे थे। अचानक मिट्टी खिसकने से कई लोग अंदर ही फंस गये। 

घटना में घायल शख्स को जब एसएनएमएमसीएच लाया गया तो उसके परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका इलाज कराया जा रहा है। 

निरसा थाना की पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है और बचाव अभियान चल रहा है। हालांकि, खदान में फंसे लोगों की सटीक संख्या को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। फिलहाल मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है। 

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खदान के पास जाने से डर रहे हैं। वहीं, मृतकों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि अवैध खनन पर सख्त रोक लगाई जाये ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 8,791