Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

घाटशिला : झामुमो के सोमेश और भाजपा के बाबूलाल में टक्कर

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
घाटशिला : झामुमो के सोमेश और भाजपा के बाबूलाल में टक्कर
विज्ञापन

घाटशिला उपचुनाव पर सस्पेंस खत्म, झामुमो से सोमेश सोरेन तो भाजपा से बाबूलाल सोरेन मैदान में 

टीम एबीएन, घाटशिला/ रांची। राजनीति में बहुप्रतीक्षित घाटशीला विधानसभा उपचुनाव को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। पूर्व शिक्षा मंत्री स्व रामदास सोरेन के निधन से खाली हुई इस सीट पर उनके पुत्र सोमेश सोरेन चुनावी मैदान में उतरेंगे। सोमेश ने कहा कि पिता के अधूरे सपनों को पूरा करना उनका दायित्व है और घाटशिला की जनता हमेशा की तरह इस बार भी उनके साथ खड़ी होगी। 

हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टिकट सोमेश को ही मिलेगा। इसकी वजह झामुमो की पुरानी परंपरा भी है। गिरीडीह उपचुनाव में स्व. जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को टिकट देकर जीत दिलायी गयी थी। वहीं, बेरमो उपचुनाव में कांग्रेस ने स्व. राजेंद्र सिंह के पुत्र अनूप सिंह को प्रत्याशी बनाया और उन्होंने विजय हासिल की। 

ऐसे में माना जा रहा है कि घाटशीला में भी यही परंपरा दोहराई जायेगी। इधर, भाजपा भी घाटशीला सीट को लेकर अपनी रणनीति तेज कर चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था और उन्हें करीब 75 हजार वोट मिले थे। भाजपा नेतृत्व एक बार फिर बाबूलाल पर दांव खेलने की तैयारी में है। 

कोल्हान क्षेत्र में चंपई सोरेन का प्रभाव गहरा रहा है, जिसे साधने की रणनीति भाजपा बना रही है। राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से घाटशीला उपचुनाव बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। एक ओर झामुमो जहां भावनात्मक कार्ड के सहारे सोमेश सोरेन को उतार सकती है, वहीं भाजपा संगठन और क्षेत्रीय समीकरणों के दम पर बाबूलाल सोरेन को आगे कर कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है। उपचुनाव की औपचारिक घोषणा होते ही दोनों दलों के बीच सियासी संग्राम और तेज हो जायेगा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 92,369