टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट का एक शिष्टमंडल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल के अगुवाई में रांची के सांसद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से उनके आवास में मुलाकात की तथा अभिनंदन करते हुए श्री राधा कृष्ण की स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें जन्म दिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उनके दीघार्यु की कामना करते हुए पुंदाग स्थित झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर मे सपरिवार आने का आमंत्रण दिया। ट्रस्ट की ओर से सांसद संजय सेठ को एक ज्ञापन दिया गया। जिसमें उनसे पुंदाग गुटवा रोड में स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर एवं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के सामने सड़क एवं नाली के निर्माण हेतु आग्रह किया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस रोड में झारखंड का सबसे बड़ा श्री राधा कृष्ण मंदिर का निर्माण हुआ है जो धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। इसके अतिरिक्त ट्रस्ट द्वारा दिव्यांग एवं निराश्रित जनों के पुर्नवास सेवा एवं देखभाल हेतु अपना घर आश्रम का कुशलता पूर्वक संचालन किया जा रहा है। इस सेवा संस्थान तक पहुंचाने हेतु ना कोई पक्की सड़क है और ना ही समुचित जल निकासी, नाली की व्यवस्था है।
मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। जिन्हें बहुत ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अत: आप संबंधित विभागों को निर्देशित कर श्री राधा कृष्ण मंदिर के सामने शीघ्र ही पक्की सड़क एवं नाली निर्माण की स्वीकृति एवं कार्यवाही सुनिश्चित कराने की कृपा करें। इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव मनोज कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, प्रवक्ता संजय सर्राफ, पूरणमल सर्राफ, मुकेश काबरा आदि शामिल थे। उक्त जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।