टीम एबीएन, रांची। जिले के अनगड़ा में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस सिलसिले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। अनगड़ा थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर पिठौरिया थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई हुई, जहां से शराब बनाने के सामान और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस की कार्रवाई जारी है।
अनगड़ा पुलिस ने थाना क्षेत्र के राजाडेरा में छापेमारी कर अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके पर से बड़ी संख्या में नकली शराब, स्प्रिट, ड्रम, खाली बोतल एवं शराब बनाने का कच्चा सामान बरामद हुआ है। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों की निशानदेही पर रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में भी छापामारी की गयी।
यहां से भी नकली शराब, स्प्रिट, बोतल, शराब बनाने का कच्चा सामान आदि बरामद किया। पुलिस को सूचना मिली कि अनगड़ा थाना क्षेत्र के राजाडेरा स्थित एक बंद पड़े निजी स्कूल में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री संचालित है, सूचना मिलने पर अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह के नेतृत्व में पुलिस ने वहां छापामारी की।