झामुमो पूरे राज्य में केंद्र सरकार का पुतला दहन करेगा और चरणबद्ध आंदोलन चलायेगा : सुप्रियो
टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने संसद में पेश 130वें संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में घोषणा की कि झामुमो पूरे राज्य में केंद्र सरकार का पुतला दहन करेगा और इसके विरोध में कल से चरणबद्ध आंदोलन चलायेगा।
श्री भट्टाचार्य ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में इसे एंड आफ डेमोक्रेसी नाम दिया और कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार और अन्य राज्यों में चुनावी गड़बड़ियों के बाद अब भाजपा ने विपक्षी नेताओं को जेल में डालने और 30 दिनों तक कैद रखकर उनकी राजनीति समाप्त करने की योजना बनायी है।