शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की गयी थी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में रुपए के लेन-देन विवाद को लेकर एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद शव को जंगल में जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गयी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ललन भुइयां के आवेदन पर 20 अगस्त को लेस्लीगंज थाना में कांड संख्या 111/2025 दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि 16 अगस्त को घुटुवा गांव निवासी जनेश्वर सिंह (34) और उसके पिता राजेश्वर सिंह (58) ने मिलकर मनोज भुइयां उर्फ मनु भुइयां (20) की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद 17 अगस्त को वे शव को भुरी जंगल ले गये और आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से मृतक के जले हुए अस्थि-अवशेष बरामद किये हैं। गिरफ्तार पिता-पुत्र ने अपराध कबूल कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।