टीम एबीएन, हजारीबाग। रांची-पटना नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा और सिरसी गांव के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जा रहे पति-पत्नी और नवजात बच्चा सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। इस हादसे में मां और नवजात की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सैकड़ों गाड़ियां और यात्री जाम में फंस गए। जाम की वजह से एक एंबुलेंस भी फंस गयी। एंबुलेंस चालक ने बताया कि वह बरकट्ठा से हेड इंजरी वाले गंभीर मरीज को लेकर आ रहे थे, लेकिन जाम में फंसे रहने से मरीज की स्थिति और भी नाजुक हो गयी।
घटना के बाबत बताया गया कि परिवार हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल इलाज करने के लिए आ रहा था। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गयी। गाड़ी दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हो गयी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से गाड़ी को पकड़ा जाए और चालक पर उचित कार्रवाई की जाये।