एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। दिनांक 19.08.2025 को रात्रि 20:35 बजे पुलिस अधीक्षक महोदया, पलामू को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक लाल रंग का संदिग्ध जाइलो वाहन डालटनगंज से पांकी की ओर जा रहा है। सूचना के आलोक में थाना प्रभारी पांकी राजेश रंजन द्वारा सशस्त्र बल के साथ घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के क्रम में ग्राम तेतराई बलियारी मोड़ के पास उक्त संदिग्ध लाल रंग की जाइलो गाड़ी (सीजी14 बी- 5999) खड़ी पाई गई। आसपास पूछताछ करने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि गाड़ी काफी देर से वहीं खड़ी है, किन्तु किसी व्यक्ति को नहीं देखा गया।
गाड़ी लॉक स्थिति में थी। तत्पश्चात गाड़ी को टोचन कर थाना लाया गया। आज दिनांक 20.08.2025 को पुलिस निरीक्षक पांकी अंचल की उपस्थिति में गाड़ी का लॉक तोड़कर तलाशी ली गयी। तलाशी के क्रम में गाड़ी की बीच की सीट के नीचे एक झोले में रखे गये विभिन्न प्लास्टिक पैकेटों में नगद रुपये की गड्डियां बरामद हुईं।
बरामदगी की प्रक्रिया वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराते हुए की गयी। सीएसपी पांकी से नोट गिनने की मशीन मंगवाकर गिनती की गयी, जिसमें कुल 46,19,900/- (छयालीस लाख उन्नीस हजार नौ सौ रुपये मात्र) पाया गया। गाड़ी की आगे की डिक्की से वाहन का इंश्योरेंस एवं आरसी कार्ड भी बरामद किया गया है। इस संबंध में आवश्यक अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
नगद की विवरणी इस प्रकार है
- 500 के नोट 8976 = 44,88,000/-
- 200 के नोट 509 = 1,01,800/-
- 100 के नोट 301 = 30,100/-
- कुल = 46,19,900/- (छयालीस लाख उन्नीस हजार नौ सौ रुपये मात्र)