ड्रग्स कारोबार : भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवा जब्ती मामले में एक गिरफ्तार, मुख्य कारोबारी दंपति अब भी फरार
ABN Bureau• 04 Jan, 2022
1 Views
विज्ञापन
दुमका। प्रतिबंधित दवा कफ सिरप और एक बोरा नशीली दवा अफ्राजोल टेबलेट बरामद करते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। गिरफ्तार आरापी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरणाकुंडी तेतरपाडा निवासी राजेश राय है। राजेश राय खेल संघ से जुड़ा है। इस बावत मंगलवार को प्रेसवार्ता कर मुफस्सिल थाना परिसर में एसडीपीओ, सदर मो नूर मुस्तफा अंसारी ने बताया कि एसपी अंबर लकड़ा को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना अंतर्गत हरणाकुंडी के तेतरपाडा में राजेश राय के घर में भारी मात्रा में कोरेक्स एवं अन्य प्रतिबंधित दवाएं छिपाकर रखा गया है। सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ, सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। तलाशी के क्रम में राजेश कुमार राय के घर के बरामदे के कोने से प्लास्टिक से छिपाकर बोरा एवं कार्टून में बंद भारी मात्रा में कोरेक्स, आॅनरेक्स डनारेक्स, कॉडेक्स आदि बरामद किया गया। इस संबंध में जब राजेश राय से पूछताछ की गई तो राजेश संतोषजनक जबाव नहीं दिया और नहीं कोई कागजात ही उपलब्ध करा सका। पुलिस को अनुसंधान के क्रम में पता चला कि इन दवाओं को पड़ोस में रहने वाले सूरज गुप्ता और उसकी पत्नी जुली कुमारी ने अगस्त माह में घर पर रखने को दिया था। पुलिस करीब 4500 कफ सिरप का शीशी और नशे का दवा बरामद की है। आरोपी सुरज गुप्ता नगर थाना अंतर्गत पटना से रांची होते हुए ट्रांसपोर्ट के माध्यम से प्रतिबंधित दवा की बड़ी खेप बरामद की थी। मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए सूरज गुप्ता समेत दो को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पांच दिन पूर्व ही सुरज जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद सुरज ने एक बोरा कफ सिरप राजेश के घर से वापस भी लाया था। हरणाकुंडी निवासी सुरज कुमार का नगर थाना रोड में मेडिकल की दुकान है। इसी दुकान की आड़ में वह बाहर से प्रतिबंधित कफ सिरप मंगाकर जिला के विभिन्न प्रखंडों में भेजता है। इस काम में सुरज की पत्नी जुली कूमारी उसका साथ देती है। पुलिस सुरज गुप्ता और उसकी पत्नी जुली कुमारी की तलाश में जुटी है। इस संबंध में राजेश राय की पत्नी पल्लवी शर्मा ने पुलिस को बताया कि अगस्त माह में सुरज की पत्नी जुली कुमारी ने दवा रखने को दी और कहा कि इसके बदले वह हर माह छह सौ रुपया देगी। जबकि पुलिस का कहना है कि इस काम में पुरा परिवार लगा हुआ है। सुरज दवा राजेश के मकान पर रखता और मौका मिलने पर उसे बाहर भेजता था। प्रेसवार्ता में ड्रग इंस्पेक्टर विकास कुमार ने कहा कि राजेश के घर से काफी मात्रा में प्रतिबंधित दवा मिला है। जिसकी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस भादवी की धारा 420/120 बी/34 एवं एनडीपीएस एक्ट-18 समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस छापेमारी कर रही है।