राज्यपाल ने दिया निष्पक्ष जांच का सकारात्मक आश्वासन
टीम एबीएन, रांची। सूर्या हांसदा उर्फ सूर्य नारायण हांसदा के फर्जी एनकाउंटर के मामला अब राजभवन तक पहुंच गया है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा इस मामले को लेकर प्रखर हैं। संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने आज राज्यपाल से मुलाकात की एवं विस्तृत जानकारी साझा की। फर्जी एनकाउंटर के कई साक्ष्य व सबूत राज भवन के समक्ष प्रस्तुत किया।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने बातों को गंभीरता से लेते हुए यथाशीघ्र कार्रवाई करने का सकारात्मक आश्वासन दिया। श्री महतो ने मीडिया वार्ता में कहा कि सूर्या हांसदा सामाजिक न्याय के लिए प्रखर थे। कंपनी और सरकार के गलत कार्यों के खिलाफ संघर्षरत रहे हैं। कई बार संवैधानिक चुनाव में हिस्सा लेकर यह साबित किया कि वह समाज के मुख्यधारा से जुड़े हुए थे। फिर भी शासन व प्रशासन ने गलत तरीके से उन्हें जबरन निगल गया।
सरकार उनका फर्जी एनकाउंटर कर जनसाधारण में भय का माहौल पैदा करना चाहती है। 10 अगस्त को गिरफ्तार के बाद 11 अगस्त को एनकाउंटर आदिवासी अस्मिता, प्रशासन के प्रति न्याय और सुरक्षा के प्रति गंभीर प्रश्न चिह्न खड़ा करता है, वर्तमान समय में हांसदा के परिजन दु:ख, पीड़ा और अन्याय की वेदना में हैं।
देवेंद्रनाथ महतो ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए त्रिसूत्रीय निम्न मांग की है :
- पूरे मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच हो।
- दोषियों पर ठोस रूप से त्वरित कार्रवाई हो।
- पीड़ित परिवार के आश्रितों को समुचित मुआवजा के साथ सुरक्षा प्रदान किया जाये।
साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि सूर्या हांसदा मामले को मानसून सत्र में डुमरी विधायक जयराम महतो जी सरकार के संज्ञान में लायेगा और दूसरी तरफ सड़क में आंदोलन को जेएलकेएम जारी रखेंगे।
राज्यपाल से मुलाकाती शिष्टमंडली में देवेंद्रनाथ महतो, आलोक उरांव, पार्वती कुमारी, जितेंद्र महतो, राजू महतो शामिल रहे। बताते चलें कि इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग ने संज्ञान में लेते हुए जांच रिपोर्ट तलब किया है।