गुमो में स्टेडियम और पार्क के लिए शीघ्र बनेगा डीपीआर
ABN Bureau• 04 Jan, 2022
1 Views
विज्ञापन
कोडरमा। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में नगर परिषद् झुमरी तिलैया अंतर्गत योजना चयन समिति की बैठक हुई। बैठक में विधायक डॉ नीरा यादव शामिल हुई। बैठक में सर्वप्रथम योजना चयन समिति की पूर्व बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा किया गया। बैठक में नगर प्रशासक द्वारा बताया गया कि झुमरी तिलैया शहर के विभिन्न चौक-चौरहों पर यातायात सुगमीकरण हेतु आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाईटिंग की व्यवस्था किया गया है, डिवाईडर का रंगरोगन का कार्य किया गया है। उपायुक्त ने नगर प्रशासक को निर्देश देते हुए कहा कि यातायात सुगमीकरण हेतु डिवाइडर लगाने हेतु समीक्षा कर मुख्य स्थानों पर डिवाईडर लगाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नगर परिषद् मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने को लेकर स्थल चिन्हित करते हुए प्रस्ताव उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही गुणवत्तायुक्त सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त श्री रंजन ने गुमो में पार्क निर्माण एवं खेल मैदान के निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार करने का निर्देश नगर प्रशासक को दिया। ब्लॉक मैदान परिसर के पास ओपन जिम एवं योग शेड निर्माण कार्य के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए योग शेड निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। भेडिंग जोन को लेकर गांधी स्कूल के पास चिन्हित स्थल पर भेडिंग जोन सहित स्ट्रीट भेंडर्स एवं उनके अपेक्षित उपभोक्ताओं हेतु मूलभूत सुविधाएं यथा पार्किंग स्थल, हरित स्थल, पेयजल की व्यवस्था, फेंसिंग इत्यादि के निर्माण हेतु डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आमजनों के हित को ध्यान में रखते हुए गोवर्द्धन तालाब के पास भेडिंग जोन बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही तालाब का सौंदर्यकरण एवं इंनडोर स्टेडियम व पार्क के निर्माण को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये। अशोका होटल के पीछ बाजार का जीर्णोद्धार करने की बात कही। मार्केट कांप्लेक्स व पुस्तकाल निर्माण को लेकर स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मौजूदा स्थान में चल रहे पुस्तकाल भवन में एक रिडिंग हॉल बनाने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने नगर प्रशासक को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन योजनाओं का चयन किया जा रहा है, उन योजनाओं का डीपीआर जल्द से जल्द तैयार कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। नगर परिषद् झुमरी तिलैया अंतर्गत सभी छठ घाटों का जीर्णोद्धार करने एवं घाटों में महिलाओं के लिए चेजिंग रुम बनाने हेतु प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त द्वारा नगर प्रशासक को निर्देश दिये कि झलपो तालाब, भास्कर तालाब, मोरियावां तालाब, इंदरावा तालाब औ? नवादा तालाब का सौंदर्यकरण करने को लेकर प्रस्ताव तैयार करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त नाला निर्माण, सड़क निर्माण इत्यादि बिंदुओं पर चर्चा की गयी। उपायुक्त ने नगर प्रशासक को निर्देश दिये कि पार्यावरण के दृष्टिकोण से पूरे नगर परिषद् क्षेत्र में पौधारोपण करना सुनिश्चित करें। मौके पर माननीय विधायक डॉ नीरा यादव, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, नगर प्रशासक श्री विनित कुमार व अन्य मौजूद थे।