झारखंड के गोड्डा में कुख्यात अपराधी ढेर, पुलिस की हिरासत से भागने की कर रहा था कोशिश
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले में सोमवार तड़के पुलिस की हिरासत से फरार होने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी की मौत हो गयी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। दुमका जोन के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक की पहचान सूर्य नारायण हंसदा उर्फ सूर्य हंसदा के रूप में हुई है।
जो गोड्डा और साहिबगंज जिलों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था। सिन्हा ने बताया कि हंसदा को रविवार को गोड्डा पुलिस ने देवघर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद हथियारों की बरामदगी के लिए उसे लालमटिया ले जाया गया।
अधिकारी ने कहा कि इस दौरान उसके सहयोगियों ने पुलिस दल पर गोलियां चलायी और हंसदा ने भी हिरासत से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलायी और मुठभेड़ में हंसदा की मौत हो गयी।