पिता के निधन के बाद पुत्र धर्म निभा रहे सीएम हेमंत सोरेन, स्वाधीनता दिवस समारोह में शामिल न होने की है संभावना
टीम एबीएन, रांची। स्वाधीनता दिवस के अवसर पर होने वाले राजकीय समारोह में इस बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल नहीं होने की संभावना है। अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन की वजह से वे इन दिनों श्राद्ध कर्म में व्यस्त हैं। जिसके कारण वे स्वाधीनता दिवस पर एतिहासिक मोरहाबादी मैदान में होने वाले झंडोत्तोलन सहित अन्य कार्यक्रम से दूर रहनेवाले हैं।
इस संबंध में जेएमएम प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि अपने पिता के श्राद्ध कर्म में होने के कारण वो पुत्रधर्म का पालन करने में लगे हैं। ऐसे में मुझे नहीं लगता है कि ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उपस्थित हो पायेंगे। उनके स्थान पर किसी वरिष्ठ मंत्री को जानकारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि इस मौके पर झंडोत्तोलन में शामिल होनेवाले वरिष्ठ मंत्री के द्वारा मुख्यमंत्री का संदेश पढ़े जाने की संभावना है।
स्वाधीनता दिवस पर हर साल राज्य के मुख्यमंत्री एतिहासिक मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण करते हैं। वहीं राज्यपाल इस मौके पर दुमका में तिरंगा फहराते रहे हैं। इसी तरह गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री दुमका में और राज्यपाल रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराते हैं। इस बार बीते 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन की दुखद खबर आयी थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पुत्रधर्म का पालन करते हुए अपने पिता को मुखाग्नि दी है जिस वजह से वे पैतृक गांव नेमरा में श्राद्धकर्म में खासा व्यस्त हैं।
इन सब के बीच राज्य सरकार स्वाधीनता दिवस समारोह की तैयारी में जुट गई है। मुख्य सचिव अलका तिवारी ने मोरहाबादी मैदान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर निर्देश जारी किया है। जिसके तहत स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए निर्मित होने वाले अस्थायी मंच को पूर्व के मंच के आकार का बनाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही समारोह के प्रसारण के लिए लगी एलईडी स्क्रीन पर तस्वीर स्पष्ट आए इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
दुमका के पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी मुख्य सचिव ने निर्देश दिया है। जिसमें स्थानीय जिला प्रशासन को राष्ट्रीय गान के समय प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक तैयारी को ससमय पूरा करने को कहा गया है।