टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची से प्रकाशित आजाद सिपाही के प्रधान संपादक हरिनारायण सिंह हम लोगों के बीच नहीं रहे। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती थे। रविवार दोपहर 12 बजे के करीब उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना जंगल में आग की तरह फैली। जिसने भी इसे सुना, देखा या पढ़ा, भौंचक रह गया।
चाहे वह पत्रकार हो, नेता हो या फिर व्यवसायी या फिर अधिकारी-कर्मचारी से लेकर आम लोग, हर कोई अपने इस प्रिय शख्सियत के निधन से व्यथित हो गया। हरि जी अपने पीछे दो बेटे राकेश और राहुल, पत्नी समेत अन्य भरापूरा परविार छोड़ कर गये हैं।
बीते साल अक्टूबर में हरि जी को कैंसर होने की सूचना मिली थी। उन्हें फोर्थ स्टेज का लंग्स कैंसर था। इसके बाद दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज हुआ। वह कुछ दिन पहले दिल्ली से रांची लौटे थे। पिछले सप्ताह अचानक तबियत खराब होने के बाद रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
लगभग एक बजे हरि जी के पार्थिव शरीर को अस्पताल से कोकर स्थित उनके घर लाया गया। यहां मंत्री, सांसद, विधायक, अधिकारी, पत्रकार समेत भारी संख्या मे आम लोग पहुंचे। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शाम करीब चार बजे पार्थिव शरीर को प्रेस क्लब ले जाया गया, यहां पत्रकारों के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद शाम पांच बजे हरमू स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। हरिजी के बड़े पुत्र राकेश सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। मुक्ति धाम में भारी संख्या में लोग जुटे थे और अपने चेहते हरि भाई, हरिजी, हरि सर यानी हरिनारायण सिंह को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
हरि जी के घर, प्रेस क्लब और मुक्तिधाम में श्रद्धांजलि देने वालों में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सरयू राय, विधायक अनूप सिंह, सांसद महुआ मांजी, सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व विधायक बंधु तिर्की, पूर्व विधायक समरी लाल, पूर्व उप महापौर संजय विजयवर्गीय, झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, अजय नाथ सहदेव, अजय राय, आलोक दुबे, चुन्नू मिश्र, प्रणव कुमार बब्बू, मौलेश सिंह, अजय सिंह, अंजनी पाण्डेय, मुनचुन राय, लाल किशोरनाथ शाहदेव, शमशेर अलम, रमेश पुष्कर, संतोष रजक, पुष्कर महतो, जेलेंद्र महतो, उपेंद्र रजक, कमलेश राम, कुमार राजा, ललित ओझा, नौशाद अलम समेत अन्य राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ताओं के अलावा भारी संख्या में मीडिया जगत के लोग और अन्य लोग जुटे।