Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

श्रावनी मेला 2025 : तीसरी सोमवारी पर उमड़ पड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

श्रावनी मेला 2025 : तीसरी सोमवारी पर उमड़ पड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
विज्ञापन
  • बासुकीनाथ और आम्रेश्वर धाम समेत विभिन्न शिवालयों में उमड़े भक्त

टीम एबीएन, रांची। सावन माह की तीसरी सोमवारी पर पूरा झारखंड शिवमय नजर आ रहा है। देवघर से लेकर रांची तक भगवा वस्त्र पहने कांवरिया बाबा भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। प्रदेश के सभी शिवालयों में अहले सुबह से ही पूजा पाठ कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

पवित्र सावन माह की तीसरी सोमवारी को दुमका जिला के बासुकीनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं का महासैलाब उमड़ पड़ा है। जिसको देखते हुए दुमका जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। बासुकीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसको लेकर दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार लगातार मेला क्षेत्र में नजर बनाए हुए हैं।

श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं विकास द्वार सहित सभी प्वाइंट्स पर मौजूद दंडाधिकारियों और पुलिस टीम को हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं तीसरी सोमवारी को भागलपुर के बरारी स्थित गंगा घाट से हंसडीहा के रास्ते भारी संख्या में डाक बम श्रद्धालु बासुकीनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं। जिसको देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

दुमका डीडीसी अनिकेत सचान ने बताया कि बासुकीनाथ धाम आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसका भरपूर ख्याल रखा जा रहा है। वहीं सावन माह के तीसरी सोमवारी के महत्व को लेकर पंडा धर्म रक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा ने बताया कि धर्म ग्रंथों की मान्यता के अनुसार भोलेनाथ को पति रूप में पाने के लिए माता पार्वती ने सावन माह में तपस्या आरंभ किया था।

सावन की तीसरी सोमवारी को ही भगवान शिव ने दर्शन देकर माता पार्वती को अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया था। जिसको देखते हुए इस सोमवारी का विशेष महत्व है। सावन माह की तीसरी सोमवारी को लेकर खूंटी जिला के बाबा आमेश्वर धाम में रविवार रात से हो श्रद्धालुओं का जत्था पहुंचने लगा है।

देर रात एक बजे से ही श्रद्धालु पेलोल नदी से जल लेकर बाबा आमरेश्वर धाम पहुंचे। इस बीच सोमवारी की पूर्व संध्या पर धाम परिसर स्थित मुख्य मंदिर में भगवान भोले शंकर की भव्य श्रृंगार पूजा की गई। शृंगार पूजा में धाम प्रबंध कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। इस दौरान धाम परिसर हर-हर महादेव के जयकारे से गुंजायमान रहा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 11,657