उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा जांच में सत्य पाये जाने पर कठोर कार्रवाई की जायेगी
टीम एबीएन, लोहरदगा। लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हिसरी में स्थित सरकारी उर्दू मध्य विद्यालय के हेडमास्टर देवीचरण उरांव के द्वारा विद्यालय के बच्चे को डंडे से पीटकर हाथ को तोड़ डालने का मामला प्रकाश में आया है।
विद्यार्थी के और परिजन के मुताबिक ड्रेस नहीं पहनकर विद्यालय जाने पर प्रधानाध्यापक द्वारा मार-पीट किया गया है। जबकि प्रधानाध्यापक देवीचरण उरांव से दूरभाष पर बात की गई तो उनका कहना है कि प्रार्थना के समय क्लास रूम में उक्त बच्चे के अलावा तीन चार अन्य बच्चे थे, जिन्हें प्रार्थना में शामिल करने हेतु बुलाने गये थे, इसी दौरान बच्चे नहीं आ रहे थे तो छड़ी से शरीर के पिछले हिस्से में हल्की चलाया था।
इस बीच विद्यार्थी द्वारा हाथ से रोकने के दौरान हल्का चोट लगी है। इधर पूरे मामले पर उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा कि जांच में मामला सत्य पाए जाने पर शिक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। उपायुक्त डॉ ताराचंद ने मामले को गंभीरता पूर्वक संज्ञान में लेते हुए फौरन डीईईओ और डीएसई को जांच पड़ताल कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।